-अजमेर-दिल्ली कैंट से आगे ट्रेन के विस्तार के लिए प्रयास हुए सफल: नवीन गोयल
-सुबह 11:15 बजे गुरुग्राम स्टेशन पहुंचेगी वंदे भारत ट्रेन

गुरुग्राम। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य डा. डीपी गोयल ने गुरुग्रामवासियों से अहम जानकारी सांझा करते हुए कहा कि गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक सीधी ट्रेन हो, इसके लिए हम सबके सांझा प्रयास रंग लाए हैं। गुरुवार को वंदे भारत ट्रेन के रूप में यह रेल सेवा गुरुग्रामवासियों को मिलने जा रही है। सुबह 11:15 बजे वंदे भारत ट्रेन गुरुग्राम स्टेशन होते हुए वाया दिल्ली कैंट दोपहर 14:45 बजे ट्रेन चंडीगढ़ पहुंच जाएगी।
डा. डीपी गोयल ने ट्रेन के संचालन के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे एवं वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सदस्य केन्द्रीय संसदीय बोर्ड एवं केन्द्रीय चुनाव समिति भाजपा डा. सुधा यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, महाप्रबंधक उत्तर रेलवे का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर भी रेल मंत्री तक उन्होंने रेल यात्रियों की यह मांग पहुंचाई। वरिष्ठ नेताओं से भी पत्राचार करके इस मांग के लिए समर्थन का आग्रह किया। इस तरह से सभी के सांझा प्रयासों से अब वंदे भारत का संचालन चंडीगढ़ तक शुरू हो रहा है। इस ट्रेन के संचालन के सुझाव पर काम करने की सलाह देने के लिए संघ अधिकारी जगदीश ग्रोवर व प्रसिद्ध शिक्षाविद् अशोक दिवाकर का भी डा. डीपी गोयल ने आभार जताया है।
डा. डीपी गोयल ने जानकारी दी कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर-20977/78 अजमेर-दिल्ली कैंट का विस्तार अंबाला होते हुए चंडीगढ़ तक कर दिया गया है। गुरुग्राम के रास्ते चंडीगढ़ तक पहली ट्रेन गुरुवार की सुबह 11:15 पर अजमेर से गुरुग्राम पहुंचेगी और 11.17 बजे यहां से रवाना हो जाएगी। अंबाला में 14:03 बजे पहुंचकर वंदे भारत एक्सप्रेस चंडीगढ़ दोपहर 14:45 बजे पहुंचेगी। वापसी में ये ट्रेन चंडीगढ़ से 15:15 बजे चलेगी। गुरुग्राम शाम 18:51 बजे पहुंचेगी। सुबह चंडीगढ़ जाते समय वंदे भारत ट्रेन का स्वागत गर्मजोशी के साथ किया जाएगा। सभी साथी 10 बजे से रेलवे स्टेशन पर एकत्रित होंगे।
त्वरित सहूलियत देना भाजपा सरकार में ही संभव: नवीन गोयल
हरियाणा व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने भी गुरुग्राम की जनता को इस ट्रेन के संचालन की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही संभव है कि आमजन की समस्याओं को दूर करने, उनके लिए सहूलियत देने में त्वरित निर्णय लिए जाते हैं। हर स्तर पर रेल मंत्रालय ने गुरुग्राम के लोगों को रेल सेवा से संबंधित सुविधाएं देने में हमेशा सकारात्मक सोच के साथ काम किया है। इसके लिए रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का भी ह्दय से आभार व धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम हरियाणा की आर्थिक राजधानी है। आर्थिक राजधानी की राज्य की राजधानी चंडीगढ़ से रेल सेवा की सीधी कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। सप्ताह में बुधवार को छोडक़र बाकी सभी दिन वंदे भारत ट्रेन का चंडीगढ़ तक संचालन होगा। गुरुग्राम के लिए ट्रेन का संचालन होना बड़ी खुशी की बात है।