-सेक्टर 37 गौशाला में दीपक बंसल द्वारा आयोजित भंडारे में की शिरकत
-बिस्सर गांव में कामधेनु गौसेवा संस्थान के वार्षिक उत्सव में भी पहुंचे
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने कहा कि गौसेवा के लिए हरियाणा में सरकार ने गौसेवा आयोग बनाया है। गौशालाओं के रखरखाव के लिए प्रदेश सरकार ने सराहनीय निर्णय लिए हैं। हमें भी गौवंश के संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए। यह बात उन्होंने रविवार को सेक्टर-37 स्थित गौशाला में दीपक बंसल की ओर से आयोजित भंडारा कार्यक्रम में कही। डा. डीपी गोयल व नवीन गोयल ने बिस्सर अकबरपुर गांव स्थित कामधेनु गौसेवा संस्थान के वार्षिक उत्सव में भी शिरकत की।

नवीन गोयल ने हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में गौशालाओं को दिए गए बजट की जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा गौ सेवा आयोग के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया। यह राज्य में गाय के कल्याण के लिए 2022-23 के बजट से 10 गुना ज्यादा रहा।
गायों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सडक़ों पर बेसहारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में भी सरकार ने कदम उठाए हैं। नवीन गोयल ने कहा कि हरियाणा में 632 गौशालाएं हैं। ये सभी हरियाणा गौ सेवा आयोग के साथ पंजीकृत हैं। इनमें करीब 4.6 लाख बेसहारा मवेशी रखे गए हैं। हरियाणा में सत्ता में आने के एक साल के भीतर भाजपा सरकार ने हरियाणा गौवंश संरक्षण और गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 को लागू किया। इस अधिनियम में गोहत्या को 10 साल तक के कठोर कारावास और एकलाख रुपये के जुर्माने के साथ दंडनीय बनाया गया।
नवीन गोयल ने गौवंश के गोबर को लेकर सरकार की गोबरधन का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना किसानों के कृषि क्षेत्रों के लिए जैविक खाद के उत्पादन और प्राकृतिक खेती को बढ़ाने में किसानों की मदद भी करेगी।
उन्होंने कहा कि गाय को हमारी सनातन संस्कृति में माता के समान माना और पूजा जाता है। इसलिए हमारा यह कर्तव्य है कि कहीं पर भी गाय भूखी नहीं रहनी चाहिए। हमें अपने आस-पड़ोस में गायों को हरा चारा आदि जरूर खिलाना चाहिए। गाय में देवता तक निवास करते हैं। गाय का हमारे जीवन में अहम योगदान रहता है। उन्होंने गौशाला में भंडारा कार्यक्रम के लिए गौभक्त दीपक बंसल को शुभकामनाएं दीं। गौशाला में पहुंचे लोगों के बीच बैठकर नवीन गोयल ने भंडारा प्रसाद भी ग्रहण किया।
कामधेनु गौसेवा संस्थान के वार्षिक उत्सव में भी की शिरकत
बिस्सर अकबरपुर गांव स्थित कामधेनु गौसेवा संस्थान के वार्षिक उत्सव में रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य डा. डी.पी. गोयल, व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने शिरकत की। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र के संघ चालक पवन जिंदल, विश्व हिंदू परिषद के अधिकारी बजरंग लाल भांगड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्रगढ़ राकेश शर्मा, जगमोहन मित्तल, मदनलाल जिंदल का उद्बोधन सुनने का अवसर मिला। डा. डी.पी. गोयल ने कहा कि पूर्व आई.ए.एस. डॉ. एस.पी. गुप्ता की ओर से गौशाला का संचालन बेहतर ढंग से किया जा रहा है। उनके आयोजनों से समाज में गौमाता की सेवा व संवर्धन की प्रेरणा मिलती है। नवीन गोयल ने कहा कि डा. एस.पी. गुप्ता गौमाता की सेवा करके गुरुग्राम ही नहीं, पूरे हरियाणा में गौसेवा के प्रति समाज को जागरुक कर रहे हैं। उनके जीवन और व्यक्तित्व से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।