गुरुग्राम। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याओं और विषयों को लेकर व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव के साथ चर्चा कर जल्द समाधान का अनुरोध किया।


उन्होंने मंगलवार को उपायुक्त को बताया कि अशोक विहार फेज-3 चौक पर घरों व मंदिरों के निकट शराब के ठेके खुले हुए हैं। इससे आमजन परेशान है। जनहित में इन शराब के ठेकों पर रोक लगाई जाए। ऐसा स्थानीय लोगों ने उनसे अनुरोध किया है। वहीं, भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं। दुकानों, गोदामों में भी आगजनी से लाखों का नुकसान होता है। जिसके उचित मुआवजा दिए जाने का प्रावधान किया जाए। शहर में सफाई कर्मचारियों की अलग-अलग विषयों पर समस्याएं हैं, उनका भी समाधान करके उन्हें सहूलियत दी जाए। इसके अलावा शहर में बने रैन बसेरों में कूलर व ठंडे पानी की व्यवस्था कराई जाए। गर्मी में रैन बसेरों को बेघर लोगों के लिए संचालित करके उन्हें यह सुविधाएं दी जाएं, ताकि उनका जीवन सुरक्षित हो सके। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सभी विषयों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द उनके समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जनहित में विकास कार्य निरंतर हो रहे हैं। चुनाव आचार संहिता के चलते नए कार्यों की घोषणा नहीं हो सकी थी। सरकार अब पूरी सक्रियता से काम में जुट गई है। केंद्र सरकार में नरेंद्र मोदी ने जहां किसानों को सम्मान निधि की किश्त की फाइल पर हस्ताक्षर किए, वहीं हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देकर उनके उत्थान का काम किया है। गुरुग्राम जिला के सोहना, फर्रूखनगर व पटौदी ब्लॉक के 489 पात्र लाभार्थियों को प्लॉट कब्जा आवंटन पत्र भेंट किए गए। इसके अलावा हरियाणा सरकार ने आमजन से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाने की पहल की है। रोजाना 9 से 11 बजे तक लघु सचिवालयों में ये समाधान शिविर लगाए जाएंगे। सरकार का यही प्रयास है कि आमजन की समस्याओं को समाप्त करके उनका जीवन स्तर बेहतर बनाया जाए। इसी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी काम कर रहे हैं। कम समय में लोगों को अधिक व जरूरी सुविधाएं देने पर उनका फोकस है।