-नवीन गोयल ने सुबह 6 बजे शुरू किया यहां सफाई अभियान
-पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत की गई सफाई
गुरुग्राम। पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने रविवार की सबह 6 बजे से सेक्टर-4 में ग्रीन बेल्ट एरिया में सफाई अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के तहत उन्होंने यह अभियान चलाया। इससे पूर्व नवीन गोयल का स्वागत भी किया गया।
वरिष्ठ साहित्यकार मदन साहनी, सुंदरदास अग्रवाल, हिमांशु, संजीव रोहिल्ला, डा. एससी गुप्ता, महिंद्र रोहिल्ला, राजेश शर्मा, सोनू गर्ग, शीशपाल जांघू, अजय कुमार श्रीवास्तव, निखिल जैन समेत समाज के अनेक आम और खास लोगों ने नवीन गोयल के साथ श्रमदान करके इस क्षेत्र को चमकाया। इस अवसर पर नवीन गोयल ने फिर से दोहराया कि स्वच्छता के मामले में हमें गुरुग्राम को टॉप-10 शहरों में लाना है। इसके लिए ऐसे प्रयास बहुत जरूरी हैं। किसी भी काम की सफलता के लिए हमें निरंतर उस पर फोकस करना चाहिए। हम अगर सड़क पर झाड़ू भी नहीं लगा सकते तो इतना जरूर करें कि अपने हाथ में कागज या अन्य कोई चीज सड़कों पर ना फेंके। उन्हें निर्धारित डस्टबिन में डालें। अगर हम अपने घर की सफाई करके गली में गंदगी डालते हैं तो यह भी ठीक नहीं। नवीन गोयल ने कहा कि हम गुरुग्राम महानगर के निवासी हैं। यह शहर विदेशी लोगों की भी रिहायश है। हमारे द्वारा की गई हर गलती का असर हमारे शहर की छवि पर पड़ता है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के प्रयासों से गुरुग्राम विश्व में चमक रहा है। इसकी चमक को हमें फीकी नहीं पडऩे देना। अपने कर्तव्यों का पालन करके हम स्वच्छता ही नहीं बल्कि पर्यावरण में सुधार करने के भी प्रयास करें। पेड़ लगाएं, उनका पालन करें। जिन पेड़ों की छांव में हम बैठते हैं, जिनसे हमें ऑक्सीजन मिलती है, वे भी किसी ने लगाए हैं। इसलिए अपने आगे की पीढिय़ों के लिए हम भी पेड़ लगाएं। नवीन गोयल ने कहा कि ऐसे अभियानों का मुख्य उद्देश्य सफाई करने के साथ क्षेत्र के लोगों को जागरुक करना भी होता है। उन्होंने आह्वान किया कि अपने-अपने क्षेत्र में मौजिज लोग एक टीम बनाकर हर संडे को थोड़ी-थोड़ी सफाई करके अपने क्षेत्र की सूरत बदल सकते हैं। हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। देश के प्रधानमंत्री ने झाड़ू लगाई है। इसलिए हमारे भीतर भी इस काम के प्रति कोई झिझक नहीं होना चाहिए।
साहित्यकार मदन साहनी ने भी स्वच्छता और पर्यावरण विषय को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन का ये दोनों ही अभिन्न अंग हैं। स्वच्छता और अच्छा पर्यावरण हमें बीमारियों से बचाता है। इसलिए इनको बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।