-भाजपा की मजबूती को पीएम व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल बताया

गुरुग्राम। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से लौटे भाजपा हरियाणा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी समय में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है। इसमें कोई दोराय नहीं कि भाजपा देश में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार इस पद को सुशोभित करेंगेे। अब जीत का अंतर बढ़ाने पर काम करना है। नवीन गोयल ने कहा कि पीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे सदा खरे उतरेंगे।


नवीन गोयल ने इस अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य को सांझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण से हमे जनता-जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। इ2024 में तीसरी बार सरकार बनाकर हम जनसेवा और राष्ट्र सेवा का अप्रतिम इतिहास रचने जा रहे हैं। हमें सबका विश्वास हासिल करना है। जब सबका प्रयास होगा तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें बीजेपी को ही मिलेंगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता सत्ता में रहने के बाद भी समाज के लिए बहुत ज्यादा काम करते हैं। दिन रात दौड़ते हैं। भारत माता की जय के लिए करते हैं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है। अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नया उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने का है। नवीन गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में देश के विकास, मजबूती पर बोलते हुए कहा है कि इस दौर में भारत ने जो गति पाई है, यह पूरी दुनिया बता रही है। हर क्षेत्र में ऊंचाई हासिल की है, एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है, ये संकल्प है विकसित भारत का। ये हमारा सपना भी है हमें भारत को विकसित बनाना है। इसमें अगले 5 सालों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है। पहले से कई गुना तेजी से काम करना है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम राजनीति के लिए नहीं राष्ट्रनीति के लिए निकले हैं। जिन लोगों को किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें सिर्फ पूछा ही नहीं बल्कि उन्हें पूजा भी है। भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का।
अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता है। अब सपनें भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमे भारत को विकसित बनाना है। हम तो छत्रपति शिवाजी को मानने वाले लोग हैं। जब छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ तो उन्होंने ये नहीं किया कि सत्ता मिल गई तो चलो उसका आनंद लो। उन्होंने अपना मिशन जारी रखा। मैं अपने सुख वैभव के लिए जीने वाला व्यक्ति नहीं हूं। मैं बीजेपी सरकार का तीसरा टर्म, सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा हूं। मैं राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हुआ व्यक्ति हूं।
नवीन गोयल ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कार्यकर्ताओं की मेहनत, लगन, परिश्रम को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में भी हमारी पार्टी की बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जो संकल्प लिये हैं, उसको पूरा करने का काम किया गया है। इसकी वजह से गांव-गांव में मजबूती आई है। शोषित वर्ग में नई ताकत आई है। नवीन गोयल के मुताबिक, जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले सिर्फ पांच राज्यों में हमारी पार्टी की सरकारें थीं, लेकिन 2014 के बाद आज 17 प्रदेशों में हमारी सरकार चल रही है। 12 राज्यों में तो पूरी तरह से भाजपा सरकार है। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में भी हम सरकार बनाएंगे। इसी के साथ असम, मणिपुर में भी हम दोबारा सरकार बनाएंगे। जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले सात दशक में भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में हमने हर कालखंड देखा है। हमने संघर्ष का काल देखा है। हमने उपेक्षा का काल देखा है। जमानत बचाने के लिए चुनाव लडऩे वाला काल देखा है। हमने आपातकाल देखा है। चुनाव में हारने और जीतने का काल भी देखा है। इन सबके बीच हमें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक उपलब्धियों से भरा हुआ है।