मोदी लहर के बीच गुजरात चुनाव में बह गई कांग्रेस-आप: नवीन गोयल
गुजरात चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत के साथ बीजेपी ने रचा इतिहास
-कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मुख्यालय दिल्ली जाकर मनाई खुशियां

गुरुग्राम। एक बार फिर से मोदी लहर चली और गुजरात के चुनाव में कांग्रेस और आप को बहा ले गई। लगातार 7वीं बार जीतकर भाजपा ने इतिहास रच दिया है। सरकार बनाने के दावे करने वाले अरविंद केजरीवाल को गुजरात की जनता से आइना दिखा दिया। कांग्रेस ने भी गुजरात में मुंगेरीलाल के सपने देखे थे। जो सच होने ही नहीं थे। यह बात पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने गुजरात चुनाव पर खुशी मनाते हुए कही। इस खुशी में वे कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली में दीन दयाल उपाध्यय मार्ग स्थित भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय भी पहुंचे।
नवीन गोयल ने कहा कि गुजरात के 2022 के विधानसभा चुनाव में वर्ष 1985 और 2002 का रिकॉर्ड टूटा है। साल 2002 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने 127 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। बात करें गुजरात में नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर की तो वर्ष 2001 में बीजेपी ने नरेंद्र मोदी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। मोदी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अगले ही साल 2002 में चुनाव हुए। मोदी के नेतृत्व में इस चुनाव में बीजेपी ने 127 सीटों पर जीत दर्ज की। अब 2022 में गुजरात में बीजेपी ने प्रचंड जीत के साथ इतिहास रच दिया है।
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उदारता ही थी कि उन्होंने चुनावी मंच से इच्छा जताई थी कि वे चाहते हैं नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ें। इसी के साथ गुजरात में 27 साल से सत्ता में काबिज बीजेपी को एक बार फिर से जनता ने चुना। गुजरात की जनता ने पीएम मोदी की बात को सच कर दिखाया है। श्री गोयल ने कहा कि गुजरात में किसी भी पार्टी की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले वर्ष 1985 में 149 सीटों के साथ कांग्रेस ने सरकार बनाई थी।
नवीन गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान ही तय हो चुका था कि कांगे्रस गुजरात में और ज्यादा पिछड़ेगी। हुआ भी वही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रूपी नैया का अब कोई खेवैया नहीं रहा। कांग्रेस डूबता जहाज नहीं, बल्कि कांग्रेस का जहाज डूब चुका है। रही आम आदमी पार्टी की बात तो सरकार बनाने के दावे करने वाले केजरीवाल अब गुजरात में कुछ सीटें लेकर इतरा रहे हैं।