हरियाणा में बरकरार है भारतीय जनता पार्टी का जनाधार
-हरियाणा में विकास पर ही आदमपुर की जनता से दिया वोट

गुरुग्राम। आदमपुर उपचुनाव में भव्य बिश्नोई की भव्य जीत की बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने कहा कि जो कांग्रेसी आदमपुर उपचुनाव को विधानसभा चुनाव-2024 का सेमीफाइनल बता रहे थे, वे ही इस चुनाव में धराशायी हो गए हैं। जनता ने उन्हें बता दिया है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास पर और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में मजबूत संगठन का नेतृत्व ही उन्हें स्वीकार है।
आदमपुर उपचुनाव में भाजपा-जजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर खूब मेहनत की। संगठन ने रणनीतिक तरीके से चुनाव लड़ा। जनता को यह बताने, समझाने में कामयाब रहे कि उनका हितैषी कौन है। कौन क्षेत्र का विकास कर सकता है। कौन क्षेत्र को आगे बढ़ा सकता है। नवीन गोयल ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए नहीं बल्कि यहां विकास के नए द्वार खोलने के लिए इस चुनाव में अपनी हाजिरी जनता के दरबार में लगाई। उन्होंने कहा कि जनता ने जो आशीर्वाद दिया है, वह विपक्षी दलों को करारा सबक है। अपने शासनकाल में जो 10 साल तक इस क्षेत्र को विकास कार्यों के लिए तरसाते रहे, उनसे यहां की जनता अब क्या उम्मीद करती। श्री गोयल ने कहा कि जनता ने दिखावे, झूठ की राजनीति करने वालों को चुनाव में बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा संगठन ने चुनाव में अपनी बात को मजबूती से रखा। अपनी नीतियों को हर घर तक पहुंचाया। जनता में यह विश्वास जगाया कि उनकी हितैषी मनोहर सरकार ही है। उन्होंने कहा कि आदमपुर की राजनीति में चौधरी भजनलाल की तीसरी पीढ़ी का पदार्पण हुआ है। इसके लिए पूरे परिवार, पार्टी और प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं। क्षेत्र के लिए भव्य बिश्नोई का चुना जाना वहां के विकास के नए रास्ते खोलेगा।