भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की कोर समिति की बैठक में व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल का स्वागत करते कुरुक्षेत्र के पदाधिकारी।

-भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की कोर समिति बैठक में लिया निर्णय
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ की कोर समिति की बैठक कुरुक्षेत्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने की। इस बैठक में आगामी कार्य योजना की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही व्यापारी वर्ग के हितों के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ छोटी टोली का आगे का रोड-प्लान तय किया गया।
इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल को गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, फरीदाबाद, मेवात का प्रभारी बनाया गया। प्रदेश सह-संयोजक रामनिवास गर्ग को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर का प्रभारी बनाया गया। प्रदेश सह-संयोजक धीरज वालिया को कुरुक्षेत्र, भिवानी, दादरी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत का प्रभारी बनाया गया। प्रदेश सह-संयोजक सौरभ चौधरी को जींद, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, हिसार, करनाल, पानीपत का प्रभारी बनाया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ ने बहुत ही कम समय में हरियाणा में प्रदेश के व्यापारियों तक पहुंच बनाई है। उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के प्रयास किए हैं। व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश की अनाज मंडियों, सब्जी मंडियों में व्यापारियों के बीच, बाजारों में व्यापारियों, दुकानदारों के बीच पहुंचकर निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन के क्रियाकलापों और सरकार की ओर से योजनाओं को व्यापारी वर्ग तक पहुंचाने में व्यापार प्रकोष्ठ सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा एक-एक व्यापारी से संपर्क करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में व्यापारी भाइयों के मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर व्यापारी सम्मेलन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में व्यापार प्रकोष्ठ के काम करने की सभी ने सराहना की।

जिला संयोजकों को दी गई अहम जिम्मेदारियां
जिला संयोजकों को इस बैठक में अहम जिम्मेदारियां भी दी गई व महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। सभी बचे हुए जिलों का संगठन बनाकर के प्रत्येक जिले में जिला कार्यकारिणी बैठक करेंगे। पिछले 9 वर्षों में सरकार द्वारा किये गए कार्यों को ड्राफ्ट कर व्यापार प्रकोष्ठ के माध्यम से हर व्यापारी भाई तक पहुंचाने का लक्ष्य। हर जिले का एक मांगपत्र बनाकर के व्यापारी भाइयों की समस्याओं पर काम करना, प्रमुख एजेंडे रहेंगे। किसी भी व्यापारी भाई को तकलीफ हो तो जिला प्रकोष्ठ के संगठन के लोग एकजुटता के साथ समाधान के प्रयास करेंगे। जिला की कोई भी संगठनात्मक बैठक होगी, उसमें एजेंडों को लेकर सार्थक भूमिका निभाना। व्यापारियों की मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों से मिलना, सोशल मीडिया का पेज बनाकर उसे एक्टिव करना, आने वाले विधानसभा चुनाव में व्यापार प्रकोष्ठ की सार्थक भूमिका निभाना, सभी को लेटर हेड व अपना विजिटिंग कार्ड बनवाना, मंडल स्तर पर विस्तार करवाना और आने वाले समय में जिलावार प्रशिक्षिण कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया।