भाजपा चुनावों के लिए तैयार, कांग्रेस की कोई टिकट लेने को नहीं तैयार: नवीन गोयल
-अन्य दलों से भाजपा का लगातार दामन थाम रहे हैं नेता
-लोकसभा चुनावों के लिए प्रभारी, सह-प्रभारी बनाए गए ओमप्रकाश धनखड़, संजय भाटिया, कैप्टन अभिमन्यु को दी बधाई

गुरुग्राम। व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने एक तरफ तो कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है, दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी में लोकसभा की टिकट लेने के लिए कोई नेता तैयार नहीं हो रहा। हरियाणा में कांग्रेस आपसी कलह में उलझी हुई है। संगठन रहित इस दल का नेतृत्व भी मजबूत नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गुरुवार को 10 राज्यों में चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति करके संगठन को संबंधित क्षेत्रों में मजबूती देने का काम किया है।

लोकसभा चुनावों के लिए प्रभारी बनाए गए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ (दिल्ली), निवर्तमान सांसद संजय भाटिया (उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी), पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु (असम) को दी बधाई देते हुए नवीन गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन में हर कार्यकर्ता को उचित मान और सम्मान मिलता है। संगठन में शामिल लाखों सदस्यों को कोई ना कोई जिम्मेदारी देकर समाज सेवा के क्षेत्र में पार्टी से सक्रिय किया है। नवीन गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वैसे तो पहले से ही चुनावी मोड में है, अब संगठन ने चुनावी तैयारियों को और अधिक तेज कर दी हैं। लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस का अभी कोई अता-पता नहीं है। वहां नेता टिकट लेने से बच रहे हैं। कोई भी टिकट लेने के लिए आगे नहीं आना चाहता। हर कोई एक-दूसरे पर टाल रहा है।

नवीन गोयल ने कहा कि संगठन की ओर से लोकसभा चुनावों की लंबे समय से तैयारियां शुरू कर दी गई थी। पन्ना प्रमुख स्तर तक भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हैं। चुनावों से पहले जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाकर आमजन को पार्टी के पक्ष में करने का काम कार्यकर्ताओं ने किया है। आज सबकी जुबान पर भाजपा की केंद्र व हरियाणा सरकार के विकास कार्यों, विकास परियोजनाओं, जनहित की योजनाओं का जिक्र रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास के काम हुए। वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सैनी हैं। उनके कार्यकाल की शुरुआत में ही लोकसभा चुनावों का बिगुल बजा है।

ऐसे में सभी वरिष्ठ नेता चुनावों को लेकर बैठकें करके संगठन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों में जोश का संचार कर रहे हैं। भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की सदस्या एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्या डा. सुधा यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में भी संगठन और सरकार के स्तर पर खूब कार्य हुए हैं। संगठन में हर नेता, हर कार्यकर्ता मजबूती से काम कर रहा है।