-संविधान में दिए गए अधिकारों से हमारा समाज कर रहा है तरक्की
-बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कही यह बात

गुरुग्राम। रविवार को बाबा साहेब डॉ. भीम राव अम्बेडकर जी की 133वीं जयंती के अवसर पर सूरत नगर फेस-1 आरडब्ल्यूए प्र्रधान राकेश तंवर, एससी मोर्चा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद गहलोत व अम्बेडकर सभा सूरत नगर के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यहां के अलावा नवीन गोयल ने महेश सारवान की ओर से अम्बेडकर जयंती में शिरकत की।
नवीन गोयल बाबा साहेब को नमन करते हुए बाबा साहेब की शिक्षाओं पर चलते हुए देश, समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन अछूतों, महिलाओं और मजदूरों की भलाई के लिए न्यौछावर कर दिया। देश के संविधान का मसौदा तैयार करने के अलावा डॉ. भीम राव अम्बेडकर जी ने भारत के भारतीय रिजर्व बैंक की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और वकील के रूप में उन्होंने भारत के सबसे महत्वपूर्ण आंदोलनों में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दलित बौद्ध आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई थी।  नवीन गोयल ने कहा कि डॉ. भीम राव अंबेडकर को समानता और न्याय का प्रतीक माना जाता है। वह एक महान सामाजिक कार्यकर्ता थे। सभी भारतीयों में समानता लाने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। डॉ. अंबेडकर ने भारतीय कानून और शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री के रूप में भी कार्य किया। नवीन गोयल ने बाबा साहेब से जुड़ी शिक्षाप्रद बातों का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने पूरे देश में अनेक भाषाएं, जातियां, बोलियां होने के बाद भी एक संविधान बनाकर सभी को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। हमें शिक्षित बनने, संगठित होने व संघर्ष करने की प्रेरणा दी। आज हमें बाबा साहेब के दिखाए हुए रास्ते पर चलने की जरूरत है। नवीन गोयल ने कहा कि संविधान को सर्वोपरि मानते हुए ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एकजुट करने केप्रयास में लगे हैं। समान विकास करके वे देश के हर नागरिक के हित में काम कर रहे हैं। उन्होंंने कहा कि देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने, देश को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करने के लिए तीसरी बार फिर से हमें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र भाई मोदी चाहिए। आम आदमी के हित, देश की मजबूती के लिए पीएम मोदी ने अब तक जो काम किए हैं, उनके परिणाम सबके सामने हैं। इस अवसर पर दयानंद मंडल के अध्यक्ष अजीत भारद्वाज, दयानंद मंडल के प्रभारी महेश वशिष्ठ, मंडल की महामंत्री कुंजल राठौर, मदन, सोमबीर, अनिल बिल्लू, हंसराज, शिव धन, ओम दत्त, मोहित, हिमांशु, सौरव चौधरी, रीना गहलोत समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।