-सेक्टर-17 माधव सेवा केंद्र से गुरुकमल तक साथियों के साथ पैदल ही पहुंचे नवीन गोयल
-हरियाणा की दसों लोकसभा सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी को फिर से बनाएंगे पीएम: नवीन गोयल
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को गुरुग्राम लोकसभा चुनाव के निमित गुरुग्राम विधानसभा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस समारोह में व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा हरियाणा के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल शनिवार को सेक्टर-17 स्थित माधव सेवा केंद्र से सेंकड़ों कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ पैदल ही गुरुकमल कार्यालय में पहुंचे। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य डा. डीपी गोयल भी साथ रहे।
पार्टी के झंडे लहराते हुए, भारत माता के जयकारे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जयकारे लगाते हुए साथी, कार्यकर्ता नवीन गोयल के साथ चले। नवीन गोयल ने कार्यकर्ताओं का जोश स्वयं भी नारे लगाते हुए दुगुना किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अपने भाषण के माध्यम से दी गई जानकारी को सांझा करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि आगामी 11 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां शीतला की धरती गुरुग्राम में आकर द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह गुरुग्राम ही नहीं बल्कि दिल्ली, हरियाणा, यूपी, राजस्थान के लिए भी खुशी की बात है। क्योंकि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।
नवीन गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आज से लोकसभा चुनावों की एक तरह से विधिवत शुरुआत कर दी है। इन चुनावों के निमित यहां पर गुरुग्राम विधानसभा का कार्यालय शुरू किया गया है। कार्यकर्ताओं को चुनाव में दी जाने वाली गाइडलाइंस व अन्य जानकारियों इसी कार्यालय से दी जाएंगी। गुरुग्राम विधानसभा में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया यहां से संचालित होंगी। नवीन गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कार्यकर्ता पिछले एक साल से भी अधिक समय से लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वैसे तो भारतीय जनता पार्टी सदा चुनावी मोड में रहती है, लेकिन चुनावी मौसम आने पर अब पार्टी का हर कार्यकर्ता पार्टी की विजय के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में और अधिक सक्रिय हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में जिस तरह से विकास की गंगा बहाई है, उससे तस्वीर साफ है कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विजय हासिल करके देश की सबसे बड़ी पंचायत में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीसरी बार जन-जन के प्रिय नेता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।
नवीन गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के अनेकों प्रोजेक्ट पर गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा में काम हुआ है। चाहे सडक़ों की बात हो या बिजली की। चाहे हाइवे की बात हो या हवाई सफर की। हर स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुले मन से काम किया है। जनता की हर उस कठिनाई को दूर करने का प्रयास किया है, जो पिछली सरकारें के समय में वर्षों से बनी थी। उन्होंने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने पर खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। भारतीय जनता पार्टी एक राजनीतिक संगठन होने के साथ एक बड़ा परिवार भी है। ऐसा परिवार जिसमें कोई मतभेद नहीं, कोई मनभेद नहीं। नीचे के स्तर के कार्यकर्ता को भी यहां ऊंचा सम्मान दिया जाता है। नवीन गोयल ने कहा कि देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। हर कार्यकर्ता अनुशासित रहकर काम करता है। अपनी जिम्मेदारी पूरी करता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को पार्टी में उचित मान और सम्मान दिया जाता है।