शास्त्री जी ने देश के जवानों व किसानों को राष्ट्र की चेतना बनाया: नवीन गोयल


गुरुग्राम। सोमवार को अखिल एकता उद्योग व्यापार मण्डल द्वारा लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती पर सेक्टर-10ए में भारत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा के प्रमुख एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने शिरकत की।


इस अवसर पर श्रमदान किया एवं सादगी, स्वाभिमान और सरलता की प्रतिमूर्ति देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी के कृतित्व का स्मरण किया गया। नवीन गोयल ने कहा कि शास्त्री जी ने जय जवान-जय किसान के नारे के साथ देश के जवानों और किसानों को राष्ट्र की चेतना बनाया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। लाल बहादुर शास्त्री जी रेल मंत्री, गृह मंत्री और प्रधान मंत्री जैसे बड़े से बड़े पद पर रहे। लेकिन उनकी सरलता, ईमानदारी और सादा जीवन हर किसी के लिए आज भी प्रेरणादायक है।

आज भी आत्मनिर्भरता और स्वंतत्रता के लिए देश की आकांक्षाओं में उनके योगदान के लिए एक तेजस्वी राजनेता के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने कहा था कि आजादी की रक्षा केवल सैनिकोंं का काम नहीं है, पूरे देश को मजबूत होना चाहिए। देश की तरक्की के लिए हमें आपस में लडऩे की बजाय गरीबी, बीमारी और अज्ञानता से लडऩा होगा।

नवीन गोयल ने कहा कि जिस सोच के साथ लाल बहादुर शास्त्री जी ने बतौर प्रधानमंत्री काम किए, उसी रास्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चल रहे हैं और देश को मजबूती दे रहे हैं। वे देश से गरीबी हटाने में जुटे हैं। बीमारियों पर नियंत्रण करने के लिए बड़ी योजनाओं को लागू कर रहे हैं। देश के लोगों की हर जरूरत का ख्याल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है। यही कारण है कि वे एक-एक योजना में गरीबों का भला देखते हैं। इस अवसर पर शरद माहेश्वरी (प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा), सुची कोठारी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रभारी हरियाणा एवं झारखण्ड), विष्णु शर्मा, पवन यादव, ऋचा अखंड, मनोज बिहानी व मंडल के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।