-पौधे भेंट करके पर्यावरण संरक्षण का भी किया आग्रह
-समाज में महर्षि दयानंद जी के मार्ग पर चलते हुए सामाजिक सद्भाव बनाने का संदेश

गुरुग्राम। आर्य केंद्रीय सभा गुरुग्राम के पदाधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा के प्रमुख एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने सम्मान किया।
नवीन गोयल की ओर से प्रधान अशोक आर्य, उपप्रधान प्रमोद सलूजा, महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, मंत्री बी.बी. सिंह, प्रेस सचिव जयराम वर्मा, लेखा निरीक्षक रमेश खनेजा, भंडारी राधाकृष्ण सोलंकी को सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पौधे भेंट करके सम्मानित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुक किया।

इस अवसर पर नवीन गोयल ने कहा कि समाज में से भेदभाव मिटाने का काम आर्य समाज करता है। ऐसे समाज के अभिन्न अंग समाज को और अधिक मजबूत करें, यही हम सबकी उम्मीद है। महर्षि दयानंद सरस्वती जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हम सब सामाजिक सद्भाव बनाए रखें। स्वामी दयानंद जी महान राष्ट्र-भक्त और समाज-सुधारक थे। उन्होंने एक ऐसे समाज की स्थापना की, जिसके विचार सुधारवादी और प्रगतिशील थे। जिसे उन्होंने आर्य समाज के नाम से पुकारा। स्वामी दयानंद जी का कहना था कि विदेशी शासन किसी भी रूप में स्वीकार करने योग्य नहीं होता।

समाज को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए हम सबकी भागीदारी होनी जरूरी है। नवीन गोयल ने कहा कि सामाजिक संगठन समाज को बेहतर बनाने के हर संभव प्रयास करते हैं। हम सब इस समाज का हिस्सा हैं। हमें अपनी क्षमताओं से भी बढक़र काम करके समाज में अच्छाईयों का प्रचार-प्रसार करके बुराइयों को खत्म करना चाहिए। सामाजिक बुराइयों को समाप्त करके ही हम बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। हमें अपने देश, समाज की भलाई मेंं सदा काम करना चाहिए।

नवीन गोयल ने कहा कि महापुरुषों ने हमें एकता, भाइचारे का जो रास्ता दिखाया, उस रास्ते पर चलकर हमें समाज में खुद को भी स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के खात्मे के साथ में एक ऐसे विषय पर भी काम करना होगा, जो हमारे जीवन से जुड़ा है। वह विषय है पर्यावरण। पर्यावरण की शुद्धता हमारे जीवन को बेहतर बनाने का काम करती है। खराब पर्यावरण बीमारियां पैदा करता है और शुद्ध पर्यावरण हमारी सेहत को दुरुस्त रखता है। ऐसे में यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम पर्यावरण का अपने परिवार की तरह से ख्याल रखें।