गुरुग्राम। व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा प्रदेश संयोजक नवीन गोयल ने नगर निगम  के चीफ इंजीनियर के समक्ष शहर की कई कालोनियों की समस्याएं रखीं। उन्होंने इस अवसर पर उन्हें पौधा भी भेंट किया।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम शहर में लोग गंदगी के कारण काफी समय से परेशान हैं। इको ग्रीन कंपनी की लचर कार्यप्रणाली से शहर की स्थिति बिगड़ी। जिस पर कड़ा निर्णय लेते हुए सरकार ने इको ग्रीन का ठेका ही रद्द कर दिया है। ऐसे में अब शहर की सफाई के लिए नगर निगम की सक्रियता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के कई इलाकों में सफाई का काम हो रहा है। पुराने गुरुग्राम में नगर निगम की टीमों को लगातार मुख्य सडक़ों, गलियों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सफाई के लिए भेजा जाए। क्योंकि कई स्थानों पर तो कई दिनों से गंदगी सड़ रही है। वहां बीमारियां फैलने का अंदेशा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था ढर्रे पर आ जाएगी। दूसरा विषय उन्होंने पुराना रेलवे रोड पर कबीर भवन (जुलाहा चौपाल) को नया बनवाने व जीर्णोद्धार करवाने का भी रखा। यह भवन काफी पुराना हो चुकी है। श्री कबीर सभा की वर्ष 1948-49 में बनाई गई जुलाहा चौपाल जिला की सबसे पुरानी चौपाल काफी जर्जर हालत में है। इसके आसपास करीब ढाई हजार कबीर पंथ समाज के लोग रहते हैं। उन्हें अपने पारिवारिक कार्यक्रम करने में परेशानी आती है। इसलिए इसका जल्द ही निर्माण व जीर्णोद्धार करवाकर लोगों को सुविधा दी जाए।
इसके अलावा फिरोजगांधी कालोनी-2 की सडक़, शिवजी पार्क गली नंबर-4 का सुधारीकरण करने का भी उन्होंने चीफ इंजीनियर से आग्रह किया। चीफ इंजीनियर मनोज यादव ने सभी विषयों पर सकारात्मक पहल करने के प्रति आश्वास्त किया। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में टीमें लगा रखी हैं। बहुत जल्द पूरे शहर की बेहतरी से सफाई हो जाएगी। निगम क्षेत्र में कहीं पर भी गंदगी नहीं रहने दी जाएगी। गलियों, सडक़ों के निर्माण का काम भी पूरा कराया जाएगा।