-ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया गया कार्यक्रम का आयोजन
-22 जनवरी को हर घर घी के दीये जलाने के लिए किया प्रेरित

गुरुग्राम। पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा के प्रमुख एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने रविवार को गुजराती समाज के बीच मकर संक्रांति का पर्व मनाया। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित पतंगबाजी कार्यक्रम में वे अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने लोगों के साथ पतंग भी उड़ाई और मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पतंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर गुजराती समाज से राजदीप महिडा, अवनी वोरा, हार्दिक शाह, शाश्वत मेहता, चेतना बारोट, सौरभ रानपरा, समीर पटेल, सपन देसाई, रूपल अजमेरा, हेतल भट्ट समेत अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने नवीन गोयल का मिलकर स्वागत किया। अपने संबोधन में नवीन गोयल ने कहा कि भगवान सूर्य की कृपा से सभी के जीवन में उमंग, उत्साह, आरोग्यता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो, यही मंगल कामना है। उन्होंने कहा कि हमारा हर पर्व हमें एकता, भाईचारे के साथ खुशियां मनाने का संदेश देता है। देश में भले ही हमारे त्योहारों के नाम बदल जाते हों, लेकिन हमारी भावनाएं, हमारे मन की श्रद्धा और हमारी सोच खुशियों की ही रहती है।

नवीन गोयल ने कहा कि गुरुग्राम में गुजरात से हजारों लोग आकर अपना व्यवसाय, नौकरी आदि कर रहे हैं। गुरुग्राम के विकास में उनका भी अहम योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक-दूसरे राज्य की संस्कृति को सांझा करने के उद्देश्य से एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान चलाने का विचार दिया। उस विचार देशभर में कार्यक्रम हुए। गुरुग्राम में भी विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृतियों को दर्शाते कार्यक्रम आयोजित किये गये। यहां गुजरात दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने शिरकत करके सभी को इस अभियान की बधाई दी थी। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित करते रहने के लिए प्रेरित किया था। मकर संक्रांति पर्व गुजरात समाज के लोगों के साथ मनाना भी एक तरह से एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान का हिस्सा कहा जा सकता है। यहां हम एक-दूसरे से परस्पर मिलकर अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाए। नवीन गोयल ने कहा कि त्योहार ऐसा बड़ा अवसर होता है, जब हम आपस में मिल-बैठ सकते हैं। खुशियां मना सकते हैं।

त्योहार हमें आपस में जोडऩे का काम करते हैं। नवीन गोयल ने इस आयोजन में पतंगबाजी भी की। साथ ही लोगों को संदेश दिया कि आने वाली 22 जनवरी को जिस तरह से अयोध्या में राम मंदिर में राम लला विराजमान होने की खुशी मनाई जाएगी, उसी तरह से हम सबको गुरुग्राम को भी राममय बना देना है। हर घर में घी के दीये जलाए जाएं। हर कोई राम लला का अपने घर में स्वागत, अभिनंदन करे। 2024 का यह वर्ष हमारी वर्तमान, नई पीढ़ी के साथ आने वाली अनेक पीढिय़ों के लिए ऐसा वर्ष होगा, जो कि इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। 500 साल से जिस राम मंदिर का इंतजार था। इसके लिए लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। देश ही नहीं दुनिया की नजर राम मंदिर पर थी और राम मंदिर का सपना साकार होते देख सभी की खुशियां कई गुणा बढ़ चुकी हैं।
——————————————————